भरतपुर , फरवरी 28 -- राजस्थान में भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में बरसो गांव में दान में दी गयी जमीन पर बने मंदिर को लेकर दो गांवों के बीच विवाद गहराने से तनाव व्याप्त हो गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार को तनावपूर्ण माहौल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को बिगड़ता देख हल्का बल प्रयोग करके लोगों को तितर-बितर कर दिया। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस एवं प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत करके मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रहा है।
उधर, सूत्रों ने बताया कि मंदिर पर दानदाताओं के नाम और गांव के नाम का बोर्ड लगाने को लेकर बरसो और घसोला गांव के लोगों में पहले से ही तनातनी चल रही थी। इस बीच शनिवार को घसोला गांव के लोगों ने मंदिर परिसर में दानदाताओं के नाम के साथ अपने गांव का नाम लिखा बोर्ड मंदिर पर लगा दिया। जिस पर बरसो गांव के लोगों द्वारा आपत्ति जताने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित