पन्ना , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने मंदिरों व सूने घरों में चोरी कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात गिरोह के 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों से पूछताछ में जिले की 11 चोरियों सहित आरोपियों द्वारा सतना, कटनी में मंदिर व सूने घरों में की गई कुल 19 चोरियों का खुलासा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से चोरी किये गये सोने चाँदी के आभूषण, छत्र, मुकुट, बर्तन (चाँदी के ग्लास, कटोरी, चम्मच, प्लेट), बिछिया, पायल, चेन एवं अन्य चाँदी के जेवरात सामग्री वजनी करीब 2.5 किलो, चोरी किये गये आभूषणों से गली हुई कच्ची चाँदी वजनी करीब 2.5 किलो, घटना में प्रयुक्त चोरी की गई 03 मोटरसाइकिल, 06 कटर, आरोपियों द्वारा प्रयोग किये जा रहे 08 मोबाइल तथा 2 लाख 58 हजार 200 रूपये नगद जप्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू ने आज बताया कि गिरफ्तार आरोपी अत्यंत शातिर प्रवृत्ति के हैं, जो पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त रह चुके हैं तथा जेल जा चुके हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पन्ना जिले सहित अन्य जिलों में घटित मंदिर चोरी सहित अन्य कई वारदातों का खुलासा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित