रायबरेली , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में दो अलग अलग घटनाओं में मंदिरों में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि महाराजगंज थाना क्षेत्र के बवान बुर्जग बल्ला गांव स्थित राणा बेनी हनुमान मंदिर से 30 सितंबर की रात घंटे-घंटियां व अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। मंदिर की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी। इस मामले में पुलिस ने कपिल पुत्र सर्वेश निवासी काशीराम कॉलोनी थाना मिलएरिया को नेवाजगंज नहर पुल के पास से चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक अदद बड़ा पीतल का घंटा, एक अदद लोहे का घंटा, एक अदद गदा पीतल की, 22 छोटी पीतल की घंटियां, पांच अदद छोटे घंटे, दो आरती दीप पीतल के तथा दो जल चढ़ाने वाले लोटे बरामद हुए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। एक अन्य घटना में गुरुवार रात चोरों ने डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दादू स्थित टेकारी स्टेट कोर्ट परिसर में किचन और बेडरूम के ताले तोड़ने के साथ ही परिसर में स्थित राजा अखिलेश्वरी प्रताप सिंह के परिवार के कुलदेवी-देवताओं के मंदिर को भी खंगाला।

बताया गया कि मंदिर में शिव-पार्वती की अष्टधातु की मूर्तियां स्थापित हैं, जिन पर चांदी का काम होने की बात कही जा रही है। गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों पर सोने का काम तथा दुर्गा प्रतिमा पर सोने का मुकुट होने की जानकारी भी सामने आई है। हीरा-मोती की माला समेत अन्य कीमती सामान चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक सूची और कीमत अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

कोर्ट के मैनेजर बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अज्ञात चोरों के खिलाफ डीह थाने में तहरीर दी है। घटना की सूचना पर थाना अध्यक्ष जितेन मोहन सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सर्विलांस प्रभारी सीपी सिंह, स्वाट टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित