बैतूल , अगस्त 22 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में मंदिरों की दानपेटियों में चोरी और अन्य चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे और निशानदेही से चोरी का मशरूका बरामद किया है। वहीं साप्ताहिक बाजार में चोरी करते एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम गुनखेड़ के मंदिर, आठनेर के नाग मंदिर और शिव मंदिर में 10-11 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दानपेटियों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने मौके का निरीक्षण कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य और सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वाड की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक उसकी निशानदेही से करीब 11 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन, 1,700 रुपये नकद, मंदिरों की दानपेटियों से चोरी किए गए करीब 5,000 रुपये और करीब 1.20 लाख रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। संबंधित मामलों में बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं। बाल अपचारी को किशोर न्यायालय बैतूल में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजने के आदेश दिए गए। उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
इसी कार्रवाई के दौरान आठनेर साप्ताहिक बाजार में चोरी करते सानू उर्फ शानू चौहान (30), निवासी माकड़ा, थाना चिचोली को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। उसके कब्जे से 6,800 रुपये की चोरी की नकदी बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय भैंसदेही में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल बैतूल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित