रांची, 26सितम्बर (वार्ता) झारखंड के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के निर्देश पर रांची नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा शुरू की है।
रांची नगर निगम द्वारा आज दो अंतिम यात्रा वाहनों को नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित किया गया। यह पहल शोकाकुल परिवारों को सम्मानजनक और सुविधाजनक सेवा देने के उद्देश्य से की गई है।
नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी सुशांत गौरव एवं सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सेवा के लिए रवाना किया। प्रशासक सुशांत गौरव ने मंत्री सुदिव्य कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि रांची नगर निगम केवल बुनियादी नागरिक सेवाएँ ही नहीं दे रहा, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर संवेदनशील और कठिन घड़ी में भी लोगों के साथ खड़ा है। अंतिम यात्रा वाहन इस संवेदनशील सेवा का हिस्सा हैं, जो शोकाकुल परिवारों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने राज्य सरकार और नगर निगम के इस नेक कदम के लिए आभार जताया और कहा कि ऐसे वाहन जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करेंगे। इस अवसर पर अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, सहायक प्रशासक और अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित