धार , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के धार में आज शनिवार जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नगरीय प्रशासन एवं संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने किया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार गुरुवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंत्री विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच हुई तीखी नोकझोंक तथा कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शहर के मध्य बस स्टैंड पर पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने कहा कि सरकार और उसके मंत्री सत्ता के नशे में जनता और उनके चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष को औकात में रहने की नसीहत देना भाजपा की आदिवासी समाज के प्रति सोच को दर्शाता है।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शिवी सिंह चौहान, संभाग प्रभारी देवेंद्र सिंह दादू, जिला प्रभारी प्रतीक जैन, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मनोज सिंह चौहान ने दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित