पटना , सितंबर 28 -- वन निर्माण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने सोमवार को एमएलए आवासन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एमएलए हॉस्टल परिसर का स्थल निरीक्षण किया। मंत्री ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन भवन के विभिन्न तलों में हो रहे निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अभियंताओं और कार्य एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर विभाग के सचिव प्रणव कुमार, अपर सचिव राजेश कुमार सिंह,अभियंता प्रमुख (विद्युत), मुख्य अभियंता (गुणवत्ता), अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में मंत्री के द्वारा मुख्य अभियंता (गुणवत्ता) एवं उनकी टीम से निर्माण सामग्री के सैंपल एकत्रित करवाकर जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला भिजवाया गया। इस दौरान उन्होंने मौके पर एनडीटी के तहत यूपीभी टेस्ट, रिबार लोकेटर टेस्ट, रिबाउंड हमर टेस्ट करवा कर निर्माण सामग्री की जांच करवायीं।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता में उच्च मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाय। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्य अभियंता (गुणवत्ता) को निदेशित किया गया कि पटना में बन रहे अन्य सभी भवनों की नियमित रूप से जांच करवाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित