देहरादून , अक्तूबर 17 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या द्वारा गुरुवार को अपने पति के विरूद्ध दर्ज कराई गई रिपोर्ट और प्रस्तुत साक्ष्यों तथा आरोपों की जांच के लिए एक दस सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) पुलिस विभाग की ओर से गठित की गई है। इस बीच एक निजी अस्पताल में साँस लेने में दिक्कत की शिकायत पर भर्ती श्रीमती आर्या का स्वास्थ्य अब नियंत्रण में है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कैबिनेट मंत्री श्रीमती आर्या द्वारा गम्भीर धाराओं में मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद निवासी पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गुरुवार को दर्ज इस रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत उनके पति के ऑडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी की अध्यक्षता में एक एसआईटी गठित की गई है। साथ ही, ऑडियो और वीडियो को फोरेंसिक जांच के लिए परीक्षणशाला (लैब) भेजा गया है।
दूसरी ओर प्रकरण का स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य महिला आयोग ने प्रकरण में पुलिस को प्रभावी कार्यवाही और पीड़िता तथा उनके बच्चों की सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित