गोपालगंज, 22मई (वार्ता)बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री तथा बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को डुमरिया घाट स्थित नारायणी रिवर फ्रंट के समीप लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विद्युत एवं परम्परागत शवदाह गृह का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक स्टेडियम का भी भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर गोपालगंज के अनुमंडल पदाधिकारी के साथ बैकुंठपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस अवसर पर मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डुमरिया घाट पर बनने वाला विद्युत शवदाह गृह आधुनिक तकनीक से लैस होगा, जिससे लोगों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर एवं सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही परम्परागत शवदाह गृह का निर्माण भी आमजन की सुविधा एवं धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित