सीहोर , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के बुधनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जोशीपुर के गुंजारी-नर्मदा संगम घाट पर 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत आज सोमवार को स्वच्छता सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सहभागिता की।
मंत्री श्री पटेल ने मां नर्मदा और गुंजारी नदी के संगम स्थल पर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए आमजन को स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी आस्था और जीवन का आधार हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि केवल नर्मदा नदी ही नहीं, बल्कि जिन नदियों का संगम नर्मदा से होता है, वे सभी स्थल अत्यंत पवित्र हैं और उनकी स्वच्छता एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
मंत्री श्री पटेल ने 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत स्वयं स्वच्छता सेवा कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया और आमजन से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित