उत्तरकाशी , मई 15 -- उत्तराखंड सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों को धरातल पर उतारने और विकास योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ चल रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की।

मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी शासन की नीतियों का लाभ मिल सके।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम के माध्यम से स्वरोजगार के साधनों से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों से महिलाओं को एक सशक्त 'वर्क फोर्स' के रूप में प्रोत्साहित करने का आवाहन किया जिससे वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर परिवार और समाज की उन्नति में सक्रिय योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार से जोड़ने के लिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। जिसके लिए सूक्ष्म, लघु एवं खादी ग्रामोद्योग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क मार्ग की समीक्षा करते हुए सड़क मार्ग को गड्डा मुक्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित