रांची , सितंबर 24 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है।
दोनों नेताओं ने कहा कि इस हृदय विदारक घटना की खबर से वे अत्यंत मर्माहत और स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यह पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि इस अत्यंत कठिन और दुःख की घड़ी में पूरी झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है।
श्री राजू एवं श्री कमलेश ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार एवं असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के जमशेदपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि तृषा सिंह के असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इतनी कम उम्र में किसी परिवार के सदस्य को खो देना अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। इस कठिन और दुःख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके पूरे परिवार के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस असीम पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें तथा दिवंगत तृषा सिंह की आत्मा को शांति प्रदान करें। डॉ. वर्मा ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिजनों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल बच्ची के असामयिक निधन की हृदयविदारक सूचना से मर्माहत हूँ। ईश्वर शोकाकुल परिवार को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित