भोपाल , मार्च 6 -- मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने आज शुक्रवार को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से अशोकनगर रेलवे स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलखंड की संरचना, ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली, क्रॉसिंग और सुरक्षा से संबंधित अवसंरचनाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेमरखेड़ी और मूंगावली स्टेशनों का भी निरीक्षण किया तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म किनारे सुरक्षा संकेतों, फाटक संचालन, पॉइंट्स और सिग्नल इंटरलॉकिंग की स्थिति की बारीकी से जांच की। स्टेशन यार्ड और सिग्नलिंग से जुड़े सुरक्षा उपायों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

सेमरखेड़ी और गुनेरू स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 17 पर भी सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। इस दौरान उन्होंने गेटमैन से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और संरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मंडल रेल प्रबंधक ने अशोकनगर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन को यात्री सुविधाओं की दृष्टि से और अधिक उन्नत बनाया जाए तथा सभी कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

इसके अलावा बीना स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल सुविधा, फुट ओवर ब्रिज और अन्य यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्याम सिंह बरेड़िया, मंडल इंजीनियर उत्तर श्याम नागर सहित अन्य विभागों के अधिकारी और पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित