नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत तथा मंगोलिया के बीच गहरे सांस्कृतिक और परंपरागत संबंध हैं और वहां भारत को एक पवित्र भूभाग और 'आध्यात्मिक पड़ोसी' के रूप में देखा जाता है।
श्री शेखावत ने गुरुवार को भारत और मंगोलिया के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के मौके पर यहां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान धर्म से परे खगोल विज्ञान, पंचांग विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य और दर्शन जैसे क्षेत्रों में भी रहा है।
उन्होंने 'भारत और मंगोलिया के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह सम्मेलन दोनों देशों के बीच साझा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाता है। इंदिरा गांधी कला केंद्र में बृहत्तर भारत और क्षेत्रीय अध्ययन विभाग द्वारा सम्मेलन का अयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंगोलियाई संस्कृति के दृश्य प्रदर्शित करने वाली एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया जो 25 फरवरी तक जनता के लिए खुली रहेगी। इस सम्मेलन में भारत, मंगोलिया, अमेरिका, फ्रांस और कई अन्य देशों के 31 विद्वान भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय इस सम्मेलन में 75 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित