भोपाल , अक्टूबर 24 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह शिष्टाचार भेंट कर उनके साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की।

यहां लोक भवन में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि राज्य सरकार द्वारा 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। डॉ. यादव ने श्री पटेल को किसानों की आमदनी बढाने और इनके समग्र कल्याण के लिए किये जा रहे प्रयासों, बलराम कृषि महोत्सव आयोजन और किसान कल्याण वर्ष की अब तक की प्रगति से अवगत कराया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी वर्ष (2027) को मप्र सरकार युवा वर्ष के रूप में मनायेगी। युवा वर्ष 2027 में सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर उनके कौशल विकास और स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर युवाओं को उद्यमी से उद्योगपति बनाने के ठोस प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने श्री पटेल को आगामी एक नवंबर को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस समारोह के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसान हितैषी योजनाओं और कार्यों को जोड़कर एक नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने श्री पटेल से 15 नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी और महान जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों और सरकार की जनजातीय वर्ग के लिए विकास नीतियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर को प्रदेश सहित पूरा देश भगवान बिरसा मुंडा जयंती धूमधाम से मनाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाला राज्य है। राज्य में बिरसा मुंडा जयंती पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित