पटना , मई 07 -- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने बिहार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में नवगठित '' नवगठित मंत्रिमंडल'' में शपथ ग्रहण करने वाले सभी मंत्रियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद के सभी मंत्री अब बिहार के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तन्मयता और जोर-शोर से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के मंत्र को साधेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यह टीम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार को विकास के नए आयाम पर ले जाएगी। उन्होंने नवगठित मंत्रिपरिषद की संरचना को उचित ''सामाजिक समीकरण को साधने वाला मंत्रिमंडल'' करार दिया है।

श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने विशेष रूप से पिछड़े वर्ग, अति पिछड़े वर्ग और दलित समाज के प्रतिनिधियों को मंत्रिमंडल में समुचित स्थान देकर एक ऐतिहासिक और सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक समरसता और समावेशी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस संतुलित सामाजिक प्रतिनिधित्व का बिहार की राजनीति पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा।

श्री पांडेय ने विश्वास जताया कि नया मंत्रिमंडल जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा और बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के संकल्प को पूरा करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित