पटना , मार्च 06 -- बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पाण्डेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड के राज्यपाल का नया दायित्व मिलने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है, तथा बिहार के नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन का स्वागत किया है।
श्री पाण्डेय ने नंद किशोर यादव को मिले इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए केंद्र सरकार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नंद किशोर यादव जैसे वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता का सम्मान करना भाजपा की परम्परा रही है। उन्होंने कहा कि शांत-सौम्य व्यक्तित्व वाले श्री यादव अपनी इस नई भूमिका में भी सफल होंगे।
श्री पांडेय ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि उनके सुदीर्घ प्रशासनिक अनुभवों का लाभ बिहार को मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्री हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। जम्मू-कश्मीर की शिक्षा एवं शांति-स्थापना में श्री हसनैन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में उनकी रणनीति और नेतृत्व की काफी सराहना हुई है। सेना में भी उनका नेतृत्व रणनीतिक कौशल के लिए ख्यात रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित