हरिद्वार , दिसंबर 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में सोमवार देर रात 112 आपातकालीन सेवा पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। पत्नी द्वारा सीनियर सिटीजन मां को ज़हर देने की झूठी सूचना देने पर पुलिस ने त्वरित जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसका 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने उसकी मां को ज़हर दे दिया है और उनकी हालत गंभीर है, साथ ही उन्हें मंगलौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सीनियर सिटीजन से जुड़ा और गंभीर अपराध की श्रेणी में होने के कारण मंगलौर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान पुलिस को मौके पर पता चला कि कॉलर की मां पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं तथा घर पर ही मौजूद हैं। बुजुर्ग महिला ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी प्रकार का ज़हर नहीं दिया गया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि कॉलर का अपनी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा है और इसी कारण क्षुब्ध होकर उसने 112 पर झूठी सूचना दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित