जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान में जयपुर जिले की बस्सी तहसील के पटवार हल्के झर के तत्कालीन पटवारी विक्रम बुनकर को भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित कर दिया गया हैं।
जिला कलेक्टर संदेश नायक ने भ्रष्टाचार के मामले में पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे राजस्थान अधीनस्थ सेवा से निलम्बित करने के आदेश जारी किये।
जिला कलेक्टर के आदेशानुसार श्री बुनकर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में मामला पंजीबद्ध होने एवं गत 14 मार्च को रिश्वत लेते हुये एसीबी की टीम द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार होने तथा न्यायिक अभिरक्षा में जाने पर राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियत्रंण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्री बुनकर को न्यायिक अभिरक्षा में जाने की तिथि 14 मार्च से तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है।
निलम्बन काल में इनका मुख्यालय तहसील शाहपुरा नियत किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित