पटना , अप्रैल 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने शनिवार को कहा है कि बिहार में 'विकास बनाम भ्रम' की राजनीति चल रही है।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार की जनता अच्छी तरह जान चुकी है कि कौन विकास की राजनीति कर रहा है और किसका धंधा सिर्फ भ्रम फैलाना है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार है, वहीं दूसरी तरफ भ्रम और नकारात्मकता फैलाने वाला विपक्षी कुनबा है।

श्री मिश्र ने कहा कि राजग सरकार प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास में लगातार जुटी है। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और कानून- व्यवस्था को और मजबूती दिया जा रहा है, वहीं विपक्ष के पास कोई विजन नहीं है। विपक्ष के पास विकास को नयी दिशा देने के लिए न कोई दृष्टिकोण है, न दूरदर्शिता। विपक्षी कुनबे के पास न विकास की कोई ठोस नीति है और न ही जनहित और बिहारहित की। उन्होंने कहा कि सिर्फ नकारात्मकता और विरोध की नीति अपनाकर विकास नहीं किया जा सकता है।

भाजपा नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव सहित विपक्ष के कई नेताओं का एकसूत्री काम झूठी बयानबाजी से लोगों को गुमराह करना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भी बड़ी भूमिका होती है। अपने रचनात्मक कार्यों से विपक्ष भी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, लेकिन, विपक्ष का रवैया न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब इन भ्रामक दावों को समझ चुकी है और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित