बैतूल , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के भौरा स्थित माधव टीवीएस शोरूम में सोमवार रात अज्ञात चोर दो अपाचे बाइक और काउंटर में रखी नकदी चुरा ले गए। वारदात से पहले चोरों ने बिजली की सर्विस लाइन काटी और सीसीटीवी कैमरे हटा दिए। सूचना मिलने पर पुलिस, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
शोरूम संचालक दिलीप माधव ने बताया कि मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के ताले गायब मिले। अंदर जांच करने पर दो नई बाइक और नकदी चोरी होने का पता चला। इसके बाद भौरा पुलिस चौकी को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी नीरज खरे और शाहपुर थाना प्रभारी नीरज पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, चोर शोरूम के पीछे से अंदर दाखिल हुए। उन्होंने पहले सीसीटीवी कैमरे बंद करने का प्रयास किया, लेकिन कैमरे चालू रहने पर उन्हें हटा दिया। इसके बाद ताले तोड़कर काउंटर से चाबियां निकालीं और दोनों अपाचे बाइक लेकर फरार हो गए। एक बाइक की एक्स-शोरूम कीमत करीब 1.49 लाख रुपये बताई गई है।
इसी दौरान कुंडी गांव के पास स्थित एक ट्रैक्टर शोरूम के ताले टूटने की सूचना भी मिली। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। थाना प्रभारी नीरज पाल के अनुसार, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान होने की जानकारी देते हुए चोरी गए वाहनों की बरामदगी के प्रयास शुरू किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित