बैतूल , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के उत्तर वन मंडल की भौंरा रेंज में अवैध सागौन कटाई और परिवहन के मामले में वन विभाग ने 81 नग सागौन से लदा वाहन जब्त कर राजसात की कार्रवाई शुरू की है।

मामले में मुख्य आरोपी सहित नौ आरोपियों को पूछताछ के बाद जमानत पर रिहा किया गया है। विभाग का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

उत्तर वन मंडल के अनुविभागीय वन अधिकारी उत्तम कुमार शस्त्या ने बताया कि ढोढरामहु गांव से लगे टिमरनी जंगल में अवैध सागौन कटाई की सूचना पर वन अमले ने एक वाहन से 81 सागौन के लट्ठे बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि जब्त लकड़ी की कीमत और जुर्माने की राशि अभी वसूल नहीं की गई है।

वन विभाग के अनुसार गौरव नायक सहित नौ आरोपियों को नियमानुसार जमानत पर छोड़ा गया है। विभाग ने कहा कि मामले में अवैध कटाई में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। कटाई स्थल का मौका निरीक्षण करने के साथ मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है।

मामले में यह भी सामने आया है कि कथित अवैध कटाई में मजदूरी करने वाले सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि कार्रवाई में मजदूरों की भूमिका और कथित मुख्य संचालकों की भूमिका का निर्धारण किस आधार पर किया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वन विभाग के मुताबिक वाहन को जब्त कर राजसात की कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी निर्दोष व्यक्ति को आरोपी नहीं बनाया गया है।

मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि 81 सागौन लट्ठे की बरामदगी के पीछे जंगल में कितने पेड़ों की कटाई हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। विभाग द्वारा कटाई स्थल और लकड़ी के स्रोत की जांच पूरी होने के बाद ही अवैध कटाई के पूरे नेटवर्क की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित