रायपुर , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा को सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए लगातार दो वर्षों 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड मिला है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को इस उपलब्धि का श्रेय गन्ना उत्पादक किसानों की मेहनत, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना को दिया है।

श्री शर्मा ने आज भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण का शुभारंभ किया। इसके तहत किसानों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है। कारखाने की ओर से लगातार तीसरे वर्ष शेयरधारी किसानों को रियायती दर पर शक्कर दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4,686 नए किसानों को कारखाने का शेयरधारी बनाया गया है, जिससे शेयरधारी किसानों की संख्या बढ़कर लगभग 28 हजार हो गई है। पिछले वर्ष कारखाने में 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई थी, जबकि इस वर्ष चार लाख मीट्रिक टन पेराई का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 में देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल की है। यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण गन्ना उत्पादन करने वाले किसानों के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने किसानों से अधिक संख्या में कारखाने से जुड़ने और गन्ना अनुबंध करने की अपील की। शर्मा ने किसानों की सुविधा के लिए कारखाना परिसर में डोम निर्माण की भी घोषणा की तथा समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत और बेहतर गन्ना उत्पादन ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। सरकार गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, कारखाना प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित