भोपाल , जून 15 -- भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा है कि भोपाल से पटना और वाराणसी के लिए सीधी विमान सेवा शुरू कराने के लिए शीघ्र प्रयास किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बेहतर हवाई संपर्क सुविधा मिल सके।

राजाभोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यात्री सुविधा दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि भोपाल से देश के विभिन्न शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है और इसे ध्यान में रखते हुए नए मार्गों पर विमान सेवाएं शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने हवाई अड्डे पर यात्रियों के लिए शुरू की गई विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया तथा 'सहज काउंटर' का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस काउंटर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं और पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों को प्रस्थान प्रक्रिया तक निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने जनसुविधा केंद्र और शीतल पेयजल केंद्र का भी शुभारंभ किया तथा कहा कि इन सुविधाओं से यात्रियों को अतिरिक्त राहत मिलेगी। कार्यक्रम को महापौर मालती राय ने भी संबोधित किया। यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर विमानन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। इसमें हवाई अड्डा प्रबंधन, विमान सेवाओं से जुड़े महिला एवं पुरुष कर्मचारियों तथा स्वच्छता कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्ष 2014 में देश में लगभग 74 हवाई अड्डे संचालित थे, जबकि वर्तमान में उनकी संख्या 160 से अधिक हो चुकी है। इससे हवाई यात्रा आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनी है।

उन्होंने कहा कि राजाभोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी निरंतर विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। यहां नए टर्मिनल, यात्री सुविधाओं का विस्तार, रनवे उन्नयन तथा चौबीसों घंटे संचालन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नई सेवाएं भी जोड़ी जा रही हैं। कार्यक्रम में हवाई अड्डा प्रबंधन, विमान सेवा प्रतिनिधियों, विमानन क्षेत्र के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित