भोपाल , मई 20 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 दिवसीय विशेष संरक्षा अभियान शुरू किया गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में यह अभियान 20 मई से चार जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत भोपाल मंडल से प्रारंभ होने वाली तथा गुजरने वाली सभी यात्री ट्रेनों के कोचों की विशेष जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान ट्रेनों में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोचों के मेंटेनेंस, अनाधिकृत यात्रियों की जांच, प्रतिबंधित ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री की जांच, पेंट्रीकारों का निरीक्षण तथा गैस सिलेंडर एवं अन्य खतरनाक सामान की निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही ट्रेनों के विद्युत सुरक्षा उपकरणों की जांच तथा कोचों और शौचालयों में धूम्रपान निषेध नियमों के पालन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रेल प्रशासन द्वारा पार्सल यानों में लोड होने वाले सामान की जांच के साथ जनरेटर कार और इंजन कक्ष को तेल एवं ईंधन रिसाव से मुक्त रखने के लिए भी निगरानी की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि अभियान के दौरान अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित