भोपाल , मई 26 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने रेलवे स्टेशनों और रेलगाड़ियों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 के जनवरी से अप्रैल तक 1527 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
रेल प्रशासन के अनुसार इन लोगों से कुल 3 लाख 31 हजार 340 रुपए जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और रेलगाड़ियों में गंदगी फैलाने वालों पर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। भोपाल मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जनवरी माह में 427, फरवरी में 403, मार्च में 385 और अप्रैल में 312 मामलों में कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन ने बताया कि मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों और रेलगाड़ियों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने, धूम्रपान नहीं करने और इधर-उधर गंदगी नहीं फैलाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार जुर्माने के साथ लोगों को स्वच्छता के महत्व और गंदगी से होने वाले नुकसान के बारे में समझाइश भी दी जा रही है। यात्रियों से रेलवे परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित