भोपाल , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता उजागर हुई है।
जीआरपी के अनुसार यह घटना 31 मार्च की रात करीब 11:31 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर हुई, जब भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक ट्रेन के साथ चलते हुए उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी वह कोच के गेट से टकराकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही सेकंड के भीतर युवक कई बार ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच घिसटता रहा और बाद में ट्रेन के नीचे की ओर खिंच गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस की सहायता से उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
युवक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला है और उसका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह बिहार का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के समय मौजूद लोगों ने बताया कि युवक का एक हाथ टूट गया है और सिर में गंभीर चोट आई है। इसके बावजूद उसमें सांस चल रही थी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। युवक के होश में आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित