भोपाल , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से हज यात्रियों को रुबात सुविधा नहीं मिलने के मुद्दे पर मध्यप्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच के सचिव हाजी मोहम्मद इमरान हारून ने भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मसले के समाधान के लिए बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के उच्च पदाधिकारियों को ज्ञापन भेजा जाएगा।

हाजी इमरान हारून ने औकाफ शाही के पदाधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है, जो मुस्लिम समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भोपाल सहित देश के कई शहरों की रुबात सऊदी अरब में स्थित हैं, जिन्हें नवाबों द्वारा हाजियों की सुविधा के लिए वक्फ किया गया था और इनका संरक्षण आवश्यक है।

उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि सऊदी सरकार से वार्ता कर इस मसले का समाधान कराया जाए और रुबात संपत्तियों की स्थिति की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही भोपाल, रायसेन और सीहोर के हाजियों को उनका अधिकार दिलाने की मांग की।

हाजी हारून ने यह भी कहा कि इस वर्ष भोपाल से हज यात्रियों के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है और हज इम्बार्केशन पॉइंट भी बंद है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने भोपाल एयरपोर्ट से हज उड़ानों को पुनः शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय दर्जा बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल औकाफ शाही के मुतवल्ली और केंद्र सरकार के पदाधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित