भोपाल , सितंबर 27 -- पितृपक्ष के अवसर पर गया में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने रानी कमलापति-गया के बीच पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन तीन-तीन ट्रिप चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01661/01662 रानी कमलापति-गया-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन की पहली ट्रिप 27 सितंबर को रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 3.20 बजे रवाना होगी।

गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-गया एक्सप्रेस स्पेशल 27 सितंबर, 02 और 07 अक्टूबर को रानी कमलापति से दोपहर 3.20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2.30 बजे गया पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर ठहरेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01662 गया-रानी कमलापति एक्सप्रेस स्पेशल 30 सितंबर, 05 और 10 अक्टूबर को गया से दोपहर 3.30 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4.15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। यह ट्रेन अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी, सिहोरा रोड, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी और नर्मदापुरम स्टेशनों पर ठहरेगी।

पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन में चार सामान्य श्रेणी, 12 शयनयान श्रेणी, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच तथा दो एलएलआरडी सहित कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। ट्रेन के ठहराव और विस्तृत समय-सारिणी की जानकारी भारतीय रेल की वेबसाइट अथवा एनटीईएस ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित