भोपाल , सितंबर 01 -- मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशों तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तृतीय नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार का शुभारंभ किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने जिला न्यायालय परिसर भोपाल से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन जिंगल्स और फ्लेक्स बैनरों के माध्यम से भोपाल जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को लोक अदालत के माध्यम से सुलभ न्याय प्राप्त करने के लिए जागरूक करेंगे।
बताया गया कि लोक अदालत पक्षकारों के मध्य कटुता समाप्त कर पारस्परिक सौहार्द एवं सद्भाव पुनर्स्थापित करने का माध्यम है। इसके जरिए प्रकरणों के त्वरित समाधान से पक्षकारों के समय, धन एवं श्रम की बचत होती है। लोक अदालत में किसी पक्ष की पराजय नहीं होती, बल्कि दोनों पक्षों की जीत सुनिश्चित होती है। प्रकरण का निराकरण होने पर न्याय शुल्क की शत-प्रतिशत वापसी संभव होती है। लोक अदालत द्वारा पारित निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होता है और इसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं होने से विवाद समाप्त हो जाता है।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश राजर्षि श्रीवास्तव, जिला न्यायाधीश दीपक बंसल, जिला न्यायाधीश संजय कुमार शाही, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्नीन्ध्र कुमार द्विवेदी, सचिव एवं न्यायाधीश (जिविसेप्रा) सुनीत अग्रवाल, विभिन्न जिला न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, डिप्टी कलेक्टर रत्नेश श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विशाल शाहवाल, जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र रावत, सचिव मुकेश नागपुरे तथा पुलिस, प्रशासन, विद्युत विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित