भोपाल , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची का शव मिलने के बाद शुक्रवार को लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम कर नारेबाजी की और गाड़ी तथा कुर्सियों में तोड़फोड़ की। पुलिस की समझाइश और आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस के अनुसार, बच्ची गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकली थी। वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और देर रात बैरागढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुक्रवार को कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खंडहर में उसका शव मिला। बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर पुलिस और एफएसएल की टीम ने जांच की।

स्थानीय निवासी अज्जू ने दावा किया कि संदेही को शुक्रवार सुबह थाने लाया गया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। उन्होंने संदेही का नाम मोइन बताया। हालांकि, पुलिस ने उसे छोड़े जाने के दावे को खारिज किया है।

एसीपी रत्नेश तोमर ने बताया कि मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण और जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल सभी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा सकतीं। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच जारी होने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित