भोपाल , जून 03 -- मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने भोपाल शहर के चांदबढ़ जोन में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 11 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी है।

कंपनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बिजली चोरी संबंधी शिकायतों तथा स्मार्ट मीटरों से प्राप्त संकेतों के आधार पर भोपाल शहर संभाग पूर्व अंतर्गत विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। विजिलेंस ऐप में दर्ज मामलों की जांच के दौरान 11 परिसरों में विद्युत पोल से सीधे तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जाना पाया गया।

जांच दल ने सभी मामलों में पंचनामा तैयार कर विद्युत अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। कंपनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर और डिजिटल निगरानी प्रणालियों के माध्यम से विद्युत चोरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। राजस्व संरक्षण और विद्युत चोरी की रोकथाम के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की विद्युत चोरी और अनियमितता से बचने की अपील की है। कंपनी के अनुसार विद्युत चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की गुणवत्ता और सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित