भोपाल , जुलाई 2 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों के तहत छह जुलाई को खानूगांव में बाढ़ प्रबंधन की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने संबंधित विभागों को समन्वित रूप से इसकी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में आज जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर सुमित पांडे ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों की मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आपदा प्रबंधन संबंधी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि खानूगांव में छह जुलाई को आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल के माध्यम से बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों को विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम और प्रमुख नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, नाव, लाइफ जैकेट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संसाधनों के साथ तैनात रखने तथा सभी नियंत्रण कक्षों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने केरवा डैम, कलियासोत, अमरगढ़, महादेव पानी सहित अन्य संवेदनशील जलस्रोतों और पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सुरक्षा जाली लगाने तथा चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। नागरिकों से भी वर्षाकाल में जलस्रोतों के समीप विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन टीम गठित करने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जर्जर भवनों, बंद पड़ी खदानों तथा दुर्घटना संभावित स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण करने तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निगम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित