भोपाल , अक्टूबर 02 -- बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य, शौर्य और इतिहास को मंच के माध्यम से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से 05 अक्टूबर को भोपाल के हिंदी भवन सभागार में 'धन्य-धन्य बुंदेल धरा' नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम वीरांगना रानी दुर्गावती की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में बुंदेलखंड की संस्कृति, साहित्य, शौर्य और इतिहास को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। सुप्रसिद्ध लोकगायिका कविता शर्मा बुंदेली लोक गायन की प्रस्तुति देंगी, जबकि दीपेश पांडेय ग्रुप बुंदेली लोक नृत्य प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम की संकल्पना एवं संयोजन कवि सुमित ओरछा द्वारा किया जा रहा है। वे राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय मंत्री हैं।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के माध्यम से बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, वीर परंपरा, ऐतिहासिक गौरव और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। बुंदेलखंड की लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं को कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम 05 अक्टूबर को शाम छह बजे हिंदी भवन सभागार, पॉलिटेक्निक चौराहा, भोपाल में आयोजित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित