भोपाल , अक्टूबर 31 -- गौमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से संचालित 'गो सम्मान आह्वान अभियान' का तीसरा चरण शुरू हो गया है। अभियान के तहत चार दिसंबर 2026 को भोपाल में गो सम्मान दिवस मनाया जाएगा। आयोजकों ने इस अवसर पर करीब 11 लाख गोभक्तों और गोसेवकों के जुटने की संभावना जताई है। अभियान के माध्यम से गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने की मांग की जा रही है।

अभियान से जुड़े प्रमुख संत नंदबाबा परमपूज्य स्वामी श्री प्रकाश नारायण गिरि जी महाराज ने बताया कि इसके पहले दो चरण 27 अप्रैल को तहसील स्तर और 27 जुलाई को जिला स्तर पर आयोजित किए गए थे। आयोजकों के अनुसार, इन चरणों में मध्यप्रदेश सहित देशभर के 20 करोड़ से अधिक नागरिकों ने गौहत्या पर रोक लगाने और गौमाता को राष्ट्रीय सम्मान देने के समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं।

उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में देश के सभी राज्यों की राजधानियों में गो सम्मान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस चरण में 31 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। अभियान के आयोजकों ने कुल 51 करोड़ हस्ताक्षर सरकार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। महाराज श्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था में गौमाता का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उन्होंने गो आधारित व्यवस्था की पुनर्स्थापना और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।

भोपाल में चार दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में एक दिवसीय गो कृपा कथा होगी। इसमें वृंदावन के अग्र-मलूक पीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेंद्रदास जी देवाचार्य महाराज सहित देशभर के संत-महात्मा शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में सवा घंटे तक विजय मंत्र का सामूहिक संकीर्तन किया जाएगा। मध्यप्रदेश की प्रत्येक पंचायत से 51 लोगों के भोपाल पहुंचने और प्रत्येक पंचायत से 2100 हस्ताक्षर कराने की योजना है।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि अभियान किसी राजनीतिक दल, संगठन या व्यक्ति विशेष का नहीं है और न ही इसका उद्देश्य किसी सरकार के पक्ष या विरोध में माहौल बनाना है। अभियान की प्रधान संरक्षक गौमाता और अध्यक्ष नंदीबाबा को बताया गया है। तैयारियों की जानकारी देने के दौरान राज्य प्रभारी श्रीराम शर्मा, सह प्रभारी कमल किशोर उपाध्याय, संभाग प्रभारी कवेंद्र शर्मा और सह संभाग प्रभारी तरुण शर्मा मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित