भोपाल , जुलाई 2 -- राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को समर्पित 'रंग के सरगम' का आयोजन 04 जुलाई को भोपाल के भोजपुर क्लब में किया जाएगा। गंगौर घूमर डांस और इस कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति के विविध रंग एक ही मंच पर देखने को मिलेंगे।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक चलेगा। इसके अंतर्गत प्रामाणिक घूमर नृत्य कार्यशाला के साथ राजस्थानी कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, आभूषण, गृह सज्जा सामग्री और व्यंजनों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में जयपुर, उदयपुर और भोपाल के प्रदर्शक अपनी विशेष प्रस्तुतियों के साथ भाग लेंगे। प्रदर्शनी में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रामाणिक घूमर नृत्य कार्यशाला होगी, जिसका संचालन राज्य पुरस्कार से सम्मानित कोरियोग्राफर ज्योति डी. तोमर करेंगी। श्रीमती तोमर फिल्म 'पद्मावत' में घूमर नृत्य की कोरियोग्राफी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुकी हैं और वर्तमान में गंगौर घूमर डांस अकादमी की कार्यकारी निदेशक हैं। कार्यशाला प्रख्यात राजमाता गोवर्धन कुमारी, संतरामपुर द्वारा संरक्षित प्रामाणिक घूमर एवं नाच की परंपरा पर आधारित होगी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संतरामपुर की महारानी मंदाकिनी कुमारी होंगी। वह राजमाता गोवर्धन कुमारी की पुत्रवधू तथा गंगौर घूमर डांस अकादमी की एसोसिएट डायरेक्टर हैं। उनके करकमलों से प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। घूमर कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक तथा दूसरा सत्र शाम चार बजे से सात बजे तक रहेगा। इसमें 14 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं पूर्व पंजीकरण के माध्यम से भाग ले सकेंगी।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राजस्थानी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को राजस्थान की लोक कला, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी है। उन्होंने भोपालवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति का अनुभव करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित