भोपाल , अप्रैल 2 -- राजधानी भोपाल के कोलार रोड और विजय नगर क्षेत्र में शराब दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। विजय नगर में महिलाएं दुकान के सामने धरने पर बैठकर भजन-कीर्तन कर रही हैं, जबकि कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहे पर भी लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय नगर स्थित सांईंराम कॉलोनी में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाएं लंबे समय से विरोध कर रही हैं। यहां उन्होंने दुकान के सामने टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया है और स्पष्ट किया है कि जब तक दुकान नहीं हटेगी, वे आंदोलन जारी रखेंगी।

उधर कोलार रोड पर सर्वधर्म क्षेत्र से शिफ्ट होकर मंदाकिनी चौराहे पर खोली गई शराब दुकान का भी रहवासियों ने विरोध किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के पास मंदिर और रिहायशी क्षेत्र होने से असुविधा और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

बताया गया है कि कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा दुकान हटाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रहवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान को किसी गैर-रिहायशी क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित