भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर के इतवारा चौराहे पर मंगलवार को ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के बैनर तले मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और गौ माता के सम्मान में नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के दौरान कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि उनके मजहब इस्लाम में गाय का मांस खाना और उसका वध करना हराम माना गया है। उन्होंने कहा कि वे गौ रक्षा के पक्षधर हैं और उनके अनुसार धार्मिक मान्यताओं में गाय का दूध और घी उपयोगी बताया गया है, जिसका वे नियमित उपयोग करते हैं।

उन्होंने देश में गाय और बछड़ों को लेकर बन रहे तनावपूर्ण हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मुद्दे को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है। उनका कहना था कि जब गाय को माता का दर्जा दिया जाता है, तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

शमशुल हसन ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। उनका कहना था कि इससे गायों के वध और इससे जुड़ी अफवाहों तथा आरोप-प्रत्यारोप पर रोक लगेगी और वास्तविक दोषियों की पहचान आसान होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित