भोपाल , जून 30 -- भूमि अधिकार आंदोलन के तत्वावधान में भूमि, पुनर्वास और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर 01 जुलाई 2026 बुधवार को भोपाल स्थित गांधी भवन में राज्यस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बैठक दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। इसमें सिंगरौली, छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदा घाटी, केन-बेतवा लिंक परियोजना, चुटका परमाणु परियोजना, बसनिया बांध, मोरंड-गंजाल बांध तथा रेसाई बांध परियोजना सहित विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और जन संगठनों के सदस्य भाग लेंगे।

मध्यप्रदेश किसान सभा के राज्य महासचिव अखिलेश यादव ने बताया कि बैठक में विस्थापितों के भूमि, पुनर्वास और आजीविका के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी तथा उन्हें न्याय दिलाने की रणनीति पर विचार होगा।

उन्होंने कहा कि बैठक में कथित जबरन बेदखली और भूमि अधिग्रहण पर रोक, भूमि एवं वन अधिकार संबंधी कानूनों के पालन, भूमि अधिग्रहण से पहले ग्राम सभा की सहमति, भूमि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, आंदोलनकारियों पर कार्रवाई रोकने, अनुपयोगी अधिग्रहित भूमि मूल मालिकों को लौटाने तथा भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास से संबंधित अभिलेख सार्वजनिक करने जैसे विषयों पर भी चर्चा कर भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित