भोपाल , अगस्त 09 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को बारिश के बीच भाजपा की तिरंगा यात्रा निकाली गई। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। तेज बारिश के बावजूद बच्चों और कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर लोग भारत माता की जय के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।

तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तिरंगा यात्रा का निर्धारित मार्ग छोटा कर दिया गया। पहले यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर आनी थी, लेकिन न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई नेता भी यात्रा में शामिल रहे।

यात्रा में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चे पहुंचे। बारिश के बावजूद बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ चलते नजर आए। कई बच्चे अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में भी पहुंचे। डोरेमोन तथा मोटू-पतलू की वेशभूषा में आए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। एनसीसी और स्काउट-गाइड के छात्र भी यात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 'भारत छोड़ो' आंदोलन से देश में आजादी का निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ था। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना प्रत्येक राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा अभियान शुरू किया गया है, जो 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर चलेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत अपनी लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य का दुनिया के सामने एहसास करा रहा है। भारत को अपनी संस्कृति, 'वसुधैव कुटुंबकम' और 'जियो और जीने दो' के विचार के साथ आगे बढ़ते हुए दुनिया का नंबर वन देश बनने की दिशा में काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चे, युवा, बुजुर्ग और सभी वर्गों के लोग जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बारिश ने यात्रा का आनंद और बढ़ा दिया। गीले होते हुए भी लोगों का उत्साह और संकल्प देशभक्ति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक हैं।

तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। लोगों ने नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया। आयोजकों ने देश की युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित