भोपाल , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम और गोदाम में आज मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से लाखों रुपये का फर्नीचर जलकर नष्ट हो गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आग सुबह लगभग साढ़े पांच बजे लगी। सूचना मिलने पर फतेहगढ़, बोगदा पुल, कबाड़खाना, बैरागढ़ और गांधीनगर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने टैंकरों की सहायता से करीब सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

आग में शोरूम और गोदाम में रखा सोफा, बेड, अलमारी, डाइनिंग टेबल, टी-टेबल तथा अन्य फर्नीचर और घरेलू सजावटी सामान जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित