भोपाल , जुलाई 05 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिज़ा थाना क्षेत्र में परिचित युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पंचवटी कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय सौरव सीतलानी गुरुवार देर रात अपने परिचित आदित्य के बुलाने पर परवलिया स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गया था। लौटते समय मनुआभान टेकरी के पास आदित्य ने एक परिचित से मिलने के बहाने कार रुकवाई।

कार रुकते ही वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने सौरव के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि बाबर उर्फ मंडी ने सौरव के साथ मारपीट कर कार की चाबी छीन ली और उसे वाहन से नीचे उतार दिया। इसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कोहेफिज़ा थाना पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित