भोपाल , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नर्सिंग छात्रों के संगठन एनएसओ ने विभिन्न मांगों को लेकर नर्सिंग काउंसिल के सामने बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान तीन छात्र पास की एक खाली बिल्डिंग पर चढ़ गए। पुलिस की समझाइश के बाद तीनों छात्र नीचे उतर आए।

संगठन ने आठ अगस्त से नर्सिंग काउंसिल के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। छात्रों की प्रमुख मांगों में जीएनएम और बीएससी नर्सिंग के लंबित परिणाम तत्काल घोषित करने तथा आगामी परीक्षाएं कराने की मांग शामिल है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।

छात्र नेता रवि परमार ने बताया कि तीन छात्र पास की बिल्डिंग पर चढ़ गए थे, जिन्हें समझाइश देकर नीचे उतारा गया। छात्रों का कहना है कि परिणाम और परीक्षाओं में देरी से उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

छात्रों ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग तथा पैरामेडिकल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की मांग भी की है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी शिक्षा संबंधी छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की मांग की गई है।

छात्र संगठन ने नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों से हटाकर दोबारा मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से संबद्ध करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाना चाहिए।

संगठन की ओर से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई है। छात्रों ने आंदोलन में भूख हड़ताल को भी शामिल किया है और कहा है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित