भोपाल , दिसम्बर 19 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित आईएएस सर्विस मीट के शुभारंभ अवसर पर आईएएस अधिकारियों की कार्यशैली पर हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि आईएएस अधिकारी तो सामने वाले का चेहरा देखकर ही समझ जाते हैं कि वह क्या कहने वाला है और फिर ए प्लान, बी प्लान, सी प्लान, डी प्लान सामने आ जाते हैं, जिनमें से कोई न कोई तो मान ही लिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर करे ऐसे ही योजनाएं आती रहें और सही साबित होती रहें।
शुक्रवार को भोपाल में तीन दिवसीय आईएएस सर्विस मीट का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विलंब से पहुंचने और शीघ्र प्रस्थान करने के लिए क्षमा भी मांगी। इस आयोजन में प्रदेशभर से सहायक कलेक्टर से लेकर मुख्य सचिव स्तर तक के अधिकारी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और उनके परिवारजन शामिल हुए हैं। अरेरा क्लब में आयोजित इस मीट में प्रशासनिक जिम्मेदारियों से इतर अधिकारी अपनी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को सफल बनाने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जनता के हित में लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन आईएएस अधिकारी ही करते हैं। उन्होंने कहा कि राजशाही से प्रजातंत्र की यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों ने देश को मजबूती प्रदान की है और आज भारत दुनिया के सामने सशक्त रूप में खड़ा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रयासों से आजादी के बाद एक मजबूत प्रशासनिक ढांचा खड़ा हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा ने संघीय व्यवस्था के तहत केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर देश और प्रदेश की सकारात्मक छवि बनाई है। उन्होंने मध्यप्रदेश को नवाचारों की प्रयोगशाला बताते हुए कहा कि यहां हुए कई प्रयोगों को देश-दुनिया में अपनाया जा रहा है।
आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव ने कहा कि सर्विस मीट के माध्यम से वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित होता है। आयोजन समिति के चेयरपर्सन प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने कहा कि वर्ष 2010 से लगातार आयोजित हो रही यह सर्विस मीट आपसी सहयोग, पारिवारिक भावना और नई मित्रताओं को मजबूत करती आई है।
आईएएस सर्विस मीट के दौरान खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। शुक्रवार को हुई रिले रेस में रेड हाउस की टीम चैंपियन बनी, जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस ने खिताब अपने नाम किया। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन के अंतिम दिन विभिन्न श्रेणियों में अवार्ड प्रदान किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित