बैतूल , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के गंज थाना क्षेत्र स्थित ग्रीनसिटी में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल को ग्रीनसिटी सेक्टर-बी निवासी गोविंदराव मोकलकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से दो मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कान के आभूषण, तीन जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की मूर्ति और 75 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस मामले में गंज थाने में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोनू उडके और सडडु उर्फ राजा पाखरे की पहचान की। सोनू को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि सडडु उर्फ राजा घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को मुखबिर से आरोपी के भोपाल में होने की सूचना मिली। इसके बाद गंज थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम भोपाल पहुंची और टावर लोकेशन तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चार चांदी के सिक्के, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र व हार के 70 मोती और दो सोने के पेंडल बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में हुई कार्रवाई में गंज थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित