भोपाल , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) के कथित अवैज्ञानिक निस्तारण और अनौपचारिक प्रसंस्करण से पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य को होने वाले संभावित नुकसान से संबंधित शिकायत पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में आज सोमवार को सुनवाई हुई। मामले की अगली सुनवाई 31 अगस्त को भोपाल स्थित एनजीटी की केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ में होगी।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अरुण कुमार त्यागी और न्यायिक सदस्य डॉ. ए. सेंथिल वेल ने की। भोपाल के पर्यावरणविद् नितिन सक्सेना ने छह मई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में भोपाल में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले ई-वेस्ट के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार ई-वेस्ट की सीमित मात्रा का ही वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण और निस्तारण हो रहा है, जबकि शेष कचरे का अनधिकृत कबाड़ कारोबारियों और अनौपचारिक रीसाइक्लिंग इकाइयों के माध्यम से निस्तारण किया जा रहा है। खुले में ई-वेस्ट जलाने अथवा अवैज्ञानिक तरीके से तोड़ने से सीसा, पारा, कैडमियम और क्रोमियम जैसी हानिकारक धातुओं एवं पदार्थों के उत्सर्जन की आशंका जताई गई है। इससे वायु, मिट्टी और भू-जल प्रदूषित होने के साथ जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात कही गई है।

श्री सक्सेना ने वायु गुणवत्ता में गिरावट, मिट्टी एवं भू-जल प्रदूषण, अनधिकृत ई-वेस्ट प्रसंस्करण इकाइयों तथा भोपाल में स्थापित ई-वेस्ट क्लिनिक के प्रभावी रूप से संचालित नहीं होने सहित कई मुद्दे अधिकरण के समक्ष उठाए। उन्होंने उच्च स्तरीय संयुक्त जांच समिति गठित करने, अनधिकृत ई-वेस्ट प्रसंस्करण इकाइयों की पहचान कर कार्रवाई करने, ई-वेस्ट क्लिनिक को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का आकलन एवं वसूली करने की मांग की।

इसके अलावा ई-वेस्ट के लिए संग्रहण केंद्र एवं अधिकृत रीसाइक्लरों की व्यवस्था करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग भी की गई है। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित हुए, लेकिन तकनीकी ऑडियो समस्या के कारण पीठ उनसे संवाद नहीं कर सकी। इसके चलते मामले की सुनवाई स्थगित कर दी गई। अधिकरण ने माना कि मामले की सुनवाई का क्षेत्राधिकार एनजीटी की केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ भोपाल के अंतर्गत आता है। इसलिए मामले को भोपाल पीठ में सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं। अगली सुनवाई 31 अगस्त को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित