भोपाल , मार्च 22 -- हिन्दू नव वर्ष, विक्रम संवत, चैतीचंड एवं गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर भोपाल में 23 से 26 मार्च 2026 तक अभिव्यंजना गरबा महोत्सव एवं 27 मार्च को श्रीराम प्राकट्योत्सव का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुए कुशाभाऊ ठाकरे फाउंडेशन के संयोजक अंशुल तिवारी ने बताया कि चार दिवसीय गरबा महोत्सव के तहत 23 मार्च को उत्सव का आरंभ होगा, जिसमें पहली शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 24 मार्च को रास की रात, 25 मार्च को भक्ति संध्या तथा 26 मार्च को ग्रैंड गरबा फिनाले आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव में बॉलीवुड गायिका सायली कांबले, गुजरात के गायक तेजदान गढ़वी और रास रानी भूमि त्रिवेदी द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में गरबा, डांडिया और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।

वही 27 मार्च को आयोजित श्रीराम प्राकट्योत्सव के अवसर पर प्रभु श्रीराम पर आधारित भव्य लेजर शो, अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति की महाआरती, राजस्थान के सुप्रसिद्ध गायक छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुति तथा भव्य आतिशबाजी का आयोजन प्रस्तावित है।

फाउंडेशन के कोषाध्यश्र आलोक पाण्डेय के अनुसार यह आयोजन आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत के गौरव का प्रतीक होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित