भोपाल , मार्च 29 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने रेलकर्मियों और पेंशनर्स के लिए महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी करते हुए फर्जी कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की है।

रेल प्रशासन के अनुसार हाल में कुछ अज्ञात व्यक्ति स्वयं को रेल अधिकारी बताकर सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों को फोन कर रहे हैं और उनसे बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पिन एवं अन्य गोपनीय जानकारी लेने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रेलवे का कोई भी अधिकारी फोन पर इस प्रकार की गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है और ऐसी कॉल पूरी तरह फर्जी हैं।

एडवाइजरी में कर्मचारियों और पेंशनर्स को फोन पर ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और संदिग्ध कॉल करने वालों के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।

साथ ही कहा गया है कि किसी भी सूचना की पुष्टि संबंधित कार्यालय या बैंक शाखा में व्यक्तिगत रूप से करें और संदिग्ध कॉल या संदेश की तुरंत सूचना अधिकारियों को दें। अपने परिजनों और सहकर्मियों को भी इस प्रकार की धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।

रेल प्रशासन ने अपील की है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे प्रभावी उपाय है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका होने पर राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने या निकटतम रेलवे कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित