भोपाल , मई 20 -- विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा भोपाल, इटारसी और बीना सहित विभिन्न स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार अभियान के दौरान यात्रियों, रेल कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित वातावरण के प्रति जागरूक किया गया।
भोपाल स्टेशन पर स्टेशन परिसर के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की गई तथा यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इटारसी स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, ट्रैक, ब्रिज, शौचालय और वाटर बूथ की विशेष सफाई कराई गई। इस दौरान सफाई कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में जानकारी दी गई। अभियान में उप स्टेशन अधीक्षक, पर्यवेक्षक और यांत्रिक सफाई ठेका कर्मचारियों ने भाग लिया।
बीना स्टेशन पर वाणिज्य, चिकित्सा और यांत्रिक विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सफाई कर्मचारियों के साथ संवाद कर उन्हें बेहतर साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। रेल प्रशासन ने कहा है कि रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित