भोपाल , अप्रैल 16 -- नगर निगम भोपाल की परिषद के विशेष सम्मिलन में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह विशेष बैठक नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप आयोजित की गई।
आईएसबीटी स्थित निगम परिषद सभागार में आयोजित बैठक में महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और नेता प्रतिपक्ष शबिश्ता जकी सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया। कार्यवाही प्रारंभ होने से पूर्व भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष के सभी सदस्यों ने अपने विचार रखते हुए अधिनियम का समर्थन किया, जिसके बाद इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
महापौर मालती राय ने बताया कि उन्हें 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' से संबंधित लोकसभा की कार्यवाही को दर्शक दीर्घा से देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आमंत्रित किया गया है और वह शुक्रवार को इस प्रक्रिया की साक्षी बनेंगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर देना मजबूत राष्ट्र निर्माण की नींव है और यह अधिनियम महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन के लिए मानसिकता में बदलाव भी जरूरी है।
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सम्मान और अधिकार देने का ऐतिहासिक प्रयास है, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त एवं समावेशी बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित